यरुशलम। इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने अपने भारतीय समकक्ष प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सम्मान में आयोजित संयुक्त रात्रिभोज से पहले एक अनोखा और आत्मीय अंदाज अपनाकर सबको हैरान कर दिया। पीएम नेतन्याहू ने पारंपरिक भारतीय परिधान पहनकर प्रधानमंत्री मोदी का स्वागत किया, जिसका वीडियो उन्होंने खुद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा किया है। इस वीडियो में नेतन्याहू भारतीय और पश्चिमी पहनावे के एक आकर्षक मिश्रण में नजर आ रहे हैं। उन्होंने सफेद रंग की फुल-स्लीव शर्ट के ऊपर हल्के ग्रे (स्लेटी) रंग की स्लीवलेस जैकेट पहनी है, जो काफी हद तक पारंपरिक नेहरू जैकेट या बंडी जैसी दिख रही है। अपने इस देसी लुक के साथ उन्होंने गहरे रंग की फॉर्मल पैंट और काले जूते पहने थे। नेतन्याहू ने हिंदी में पोस्ट लिखकर अपनी खुशी जाहिर की और कहा कि उन्होंने अपने मित्र मोदी को इस भारतीय लिबास के जरिए एक सुखद सरप्राइज दिया है।


