आंतरिक सुरक्षा सुदृढ़ करने के लिए शुरु की सर्जिकल स्ट्राइक
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सरकार ने प्रदेश की आंतरिक सुरक्षा को मजबूत करने के लिए अवैध रूप से रह रहे विदेशी नागरिकों के खिलाफ सर्जिकल स्ट्राइक अभियान शुरू किया है। अधिकारियों के अनुसार अभियान का उद्देश्य संदिग्ध विदेशी नागरिकों की पहचान कर उन्हें निरुद्ध केंद्रों में रखने और सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने का है। सरकार का दावा है कि यह कदम अपराध और अवैध गतिविधियों पर नियंत्रण को आसान बनाएगा। मुख्यमंत्री ने बताया कि अवैध घुसपैठियों की वजह से कई सरकारी योजनाओं का लाभ अपात्र लोगों तक पहुंच रहा था। इस अभियान के तहत पहचान किए गए घुसपैठियों को निरुद्ध केंद्रों में भेजा जाएगा, जिससे संसाधनों का लाभ केवल असली हकदारों तक पहुंचेगा। योगी आदित्यनाथ ने नागरिकों से अपील की है कि वे घरेलू या व्यावसायिक कार्यों में किसी को नियुक्त करने से पहले पहचान सत्यापित करें। उन्होंने कहा कि राज्य की सुरक्षा और सामाजिक संतुलन बनाए रखना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।


