पूर्व क्रिकेटर पीटरसन ने एंडी फ्लावर को इंग्लैंड का हेड कोच बनाने की दी सलाह
नई दिल्ली। एशेज 2025-26 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 4-1 की करारी हार के बाद इंग्लैंड टीम एक बार फिर आत्ममंथन कर रही है। इस शर्मनाक हार के बाद न सिर्फ टीम के खिलाड़ियों, बल्कि हेड कोच ब्रेंडन मैकुलम की रणनीतियों और कोचिंग अप्रोच पर सवाल उठ रहे हैं। आक्रामक और निडर क्रिकेट की जिस शैली ने कभी इंग्लैंड को नई पहचान दी थी, वही एशेज में बिखरी हुई नजर आई। इसी बीच इंग्लैंड के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज केविन पीटरसन ने इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड को कोचिंग सेटअप में बदलाव करने का सुझाव दिया है।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक पीटरसन का मानना है कि अब समय आ गया है जब इंग्लैंड को एक बार फिर एंडी फ्लावर जैसे अनुभवी और सफल कोच पर विचार करना चाहिए। उन्होंने एक्स पर लिखा कि यह विचार भले ही थोड़ा अजीब लगे, लेकिन एंडी फ्लावर अब पहले से काफी बदल चुके हैं और आधुनिक क्रिकेट व मौजूदा खिलाड़ियों को बेहतर तरीके से समझते हैं।


