जिनेवा। अमेरिका और ईरान के बीच कूटनीतिक बातचीत के जरिए तनाव कम होने की उम्मीदें अभी जगी ही थीं कि वाशिंगटन के एक नए सैन्य कदम ने क्षेत्र में युद्ध की आशंकाओं को फिर से हवा दे दी है। एक ओर जहां दोनों देश परमाणु मुद्दे और आर्थिक प्रतिबंधों पर मेज पर बैठकर चर्चा कर रहे हैं वहीं दूसरी ओर अमेरिका ने पिछले 24 घंटों के भीतर ईरान की सीमाओं के करीब 50 से अधिक अत्याधुनिक फाइटर जेट तैनात कर दिए हैं। सैन्य विशेषज्ञों और स्वतंत्र फ्लाइट-ट्रैकिंग डेटा के अनुसार इन विमानों में दुनिया के सबसे घातक लड़ाकू विमान माने जाने वाले एफ-22 रैप्टर एफ -35 लाइटनिंग और एफ -16 शामिल हैं। इन लड़ाकू विमानों के साथ एरियल रिफ्यूलिंग टैंकरों की मौजूदगी इस बात का संकेत दे रही है कि अमेरिकी वायुसेना किसी बड़े और लंबी दूरी के ऑपरेशन की तैयारी में है।


