नई दिल्ली।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपनी जॉर्डन यात्रा में शीर्ष राजनीतिक नेतृत्व के साथ उच्च-स्तरीय बैठकों के अलावा मंगलवार को क्राउन प्रिंस अल हुसैन बिन अब्दुल्ला-द्वितीय के साथ भी मुलाकात की। भारत के शीर्ष नेता की इस यात्रा के निष्कर्ष के रूप में दोनों देशों के बीच पांच अहम दस्तावेज सामने आए हैं। जिनमें 2 एमओयू, 1 समझौता, सांस्कृतिक आदान-प्रदान कार्यक्रम से जुड़ा चार वर्षीय नवीनीकरण दस्तावेज के साथ ही सफल डिजिटल समाधानों को लेकर सहयोग बढ़ाने के लिए एक आशय पत्र समेत 5 दस्तावेजों पर हस्ताक्षर किए गए हैं। पीएम मोदी और क्राउन प्रिंस ने साथ में जॉर्डन के प्राचीन और ऐतिहासिक संग्रहालय का व्यक्तिगत दौरा किया। जिसमें जॉर्डन के क्राउन प्रिंस ने भारतीय पीएम को एक विशेष भाव के साथ सम्मान देते हुए न केवल उन्हें अपनी पर्सनल कार में बिठाकर संग्रहालय तक ले गए। बल्कि इस दौरान अल हुसैन ने गाड़ी भी खुद ही चलाई। इसके बाद उन्होंने प्रधानमंत्री की जॉर्डन यात्रा की औपचारिक समाप्ति के साथ ही उन्हें विदाई देने के लिए फिर से अपनी गाड़ी में बिठाकर हवाई अड्डे तक छोड़ने के लिए भी गए। दोनों के बीच इन खूबसूरत और आत्मीय पलों की तस्वीरों को भारत के शीर्ष नेता ने एक्स पर अपनी कुछ पोस्ट के जरिए साझा किया है।


