मॉस्को। कुख्यात यौन अपराधी जेफ्री एपस्टीन की अंतरराष्ट्रीय पहुंच और उसके संदिग्ध नेटवर्क को लेकर एक बार फिर सनसनीखेज खुलासे सामने आए हैं। अमेरिका के न्याय विभाग द्वारा जारी किए गए नए दस्तावेजों से यह संकेत मिलता है कि एपस्टीन रूस के शीर्ष नेतृत्व विशेषकर राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव तक सीधी पहुंच बनाने की जुगत में लगा हुआ था। इन दस्तावेजों के अनुसार एपस्टीन न्यूयॉर्क में रूस के तत्कालीन संयुक्त राष्ट्र राजदूत विटाली चुरकिन के साथ लगातार संपर्क में था। वर्ष 2017 में चुरकिन की अचानक मृत्यु के बाद एपस्टीन ने नॉर्वे के एक राजनेता के माध्यम से रूसी विदेश मंत्री लावरोव तक पहुंचने का प्रयास किया। जून 2018 के एक ईमेल में एपस्टीन ने दावा किया था कि चुरकिन उसे बेहतर समझते थे और उन्होंने अमेरिकी राजनीति के शीर्ष संवादों को भी एपस्टीन के माध्यम से समझने की कोशिश की थी।


