नई दिल्ली। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने रविवार को पेश किए गए बजट में दिल्ली-एनसीआर के विकास को नई रफ्तार देते हुए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की हैं। इस बजट में राजधानी की सुरक्षा शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने के साथ-साथ एनसीआर के शहरों में कनेक्टिविटी और औद्योगिक विकास के लिए बड़े प्रावधान किए गए हैं।बजट में दिल्ली के स्वास्थ्य क्षेत्र को विशेष प्राथमिकता दी गई है। केंद्र सरकार के पांच प्रमुख अस्पतालों, जिनमें एम्स भी शामिल है को पहली बार संयुक्त रूप से 10 हजार करोड़ रुपये से अधिक का बजट आवंटित किया गया है। अकेले एम्स के हिस्से में लगभग 5500 करोड़ रुपये आए हैं, जो पिछले वर्ष की तुलना में 300 करोड़ रुपये अधिक है। इस राशि का उपयोग संस्थान में अत्याधुनिक सुविधाओं और बुनियादी ढांचे के विस्तार के लिए किया जाएगा। शिक्षा के क्षेत्र में इग्नू और स्कूल ऑफ प्लानिंग एंड आर्किटेक्चर के बजट में भी पिछले वर्ष के मुकाबले 10-10 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी की गई है।


