ब्रासीलिया। ब्राजील के राष्ट्रपति लुइज इनासियो लूला दा सिल्वा ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर संयुक्त राष्ट्र की भूमिका और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की कार्यशैली को लेकर एक बड़ा बयान दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि ट्रंप एक ऐसा नया संयुक्त राष्ट्र बनाना चाहते हैं जिस पर उनका पूरी तरह से एकाधिकार हो। ब्राजील के बाहिया प्रांत में आयोजित एक सार्वजनिक कार्यक्रम के दौरान लूला ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि दुनिया इस समय एक अत्यंत नाजुक राजनीतिक दौर से गुजर रही है। उनके अनुसार वर्तमान वैश्विक व्यवस्था बहुपक्षवाद को छोड़कर एकतरफावाद की ओर बढ़ रही है जहाँ अंतरराष्ट्रीय संबंधों में केवल ताकतवर देशों की मनमानी चल रही है। उन्होंने चिंता जताई कि इस प्रक्रिया में संयुक्त राष्ट्र के चार्टर और उसके मूल सिद्धांतों को लगातार कमजोर किया जा रहा है।


