मुम्बई। श्रीलंकाई बोर्ड (एसएलसी) के अध्यक्ष शम्मी सिल्वा ने कहा है कि भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) ने भले ही गत माह चक्रवात प्रभावितों के लिए दो प्रस्तावित चैरिटी मैच खेलने का प्रस्ताव ठुकरा दिया था पर अगस्त में होने वाला भारतीय टीम का दौरा तय कार्यक्रम के अनुसार ही होगा। भारतीय टीम को इस साल अगस्त माह में श्रीलंका का दौरा करना है। इस दौरे में उसे दो टेस्ट और दो टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने हैं। सिल्वा ने कहा है कि यह द्विपक्षीय सीरीज अपने तय कार्यक्रम के अनुसार ही आयोजित की जाएगी। साथ ही कहा कि इस दौरे में क्रिकेट प्रशंसकों को दोनों देशों के बीच रोमांचक मुकाबला देखने को मिलेगा।
वहीं सिल्वा ने कहा कि चक्रवात पीड़ितों की सहायता के लिए राहत राशि एकत्र करने श्रीलंकाई बोर्ड अब अन्य विकल्पों को देख रहा है। इसी के तहत ही अगले सप्ताह दांबुला में पाकिस्तान के खिलाफ होने वाली टी-20 सीरीज से प्राप्त होने वाली पूरी धनराशि राहत कोष में दी जाएगी। इसके साथ ही कोलंबो के सिंहलीज स्पोर्ट्स क्लब मैदान को बेहतर बनाया जा रहा है। बोर्ड की योजना इस स्टेडियम की क्षमता बढ़ाने और यहां भविष्य में दिन-रात के टेस्ट आयोजित करने की है।


