मुंबई। एक महिला की शिकायत पर मलयालम फिल्म मंजुम्मेल बॉयज के निर्देशक चिदंबरम के खिलाफ यौन उत्पीड़न का मामला दर्ज हो गया है। उभरते फिल्मकारों में गिने जाने वाले चिदंबरम पर लगे आरोपों ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। केरल के एर्नाकुलम टाउन साउथ पुलिस स्टेशन ने पुष्टि की कि निर्देशक के खिलाफ शिकायत दर्ज की गई है। पुलिस के अनुसार, यह शिकायत फिल्म इंडस्ट्री से जुड़ी एक महिला ने दर्ज कराई है। महिला का आरोप है कि वर्ष 2022 में कोच्चि के एक अपार्टमेंट में चिदंबरम ने उनके साथ यौन दुर्व्यवहार किया था। शिकायत में सेक्शुअल और मेंटल हैरसमेंट दोनों का आरोप लगाया गया है।


