नई दिल्ली। वर्तमान समय में आगे बढ़ने की होड़, काम का दबाव और समय की कमी तन और मन दोनों को प्रभावित कर रही है। इसका नतीजा यह हो रहा है कि शरीर धीरे-धीरे कई गंभीर बीमारियों की गिरफ्त में आ रहा है। इन्हीं बीमारियों में डायबिटीज आज सबसे तेजी से फैलने वाली समस्या बन चुकी है, जो अब सिर्फ बुजुर्गों तक सीमित नहीं रही, बल्कि बच्चे और युवा भी इसकी चपेट में आ रहे हैं। डायबिटीज को लेकर आम धारणा यही है कि यह सिर्फ मीठा खाने से होती है, जबकि हकीकत इससे कहीं अलग है। दरअसल, डायबिटीज एक लाइफस्टाइल से जुड़ी बीमारी है, जिसमें रोजमर्रा की गलत आदतें अहम भूमिका निभाती हैं। यह बीमारी तब होती है जब शरीर में ग्लूकोज यानी शर्करा की मात्रा बढ़ जाती है। इसका सीधा संबंध पैंक्रियाज से होता है, जो इंसुलिन हार्मोन बनाता है।


