नई दिल्ली। भारतीय जीवन शैली में योग को व्यायाम नहीं बल्कि स्वस्थ जीवन जीने की कला माना जाता है। हैल्थ एक्सपर्ट की माने तो योग न सिर्फ शरीर को मजबूत बनाता है, बल्कि मानसिक संतुलन और एकाग्रता को भी बेहतर करता है। ऐसे ही कई उपयोगी योगासनों में उत्तान मंडूकासन का विशेष स्थान है। यह आसन शरीर के संतुलन को सुधारने के साथ-साथ मांसपेशियों को लचीला बनाने और रीढ़ की हड्डी को मजबूती देने में सहायक माना जाता है। उत्तान मंडूकासन तीन शब्दों से मिलकर बना है, जिसमें ‘उत्तान’ का अर्थ ऊपर की ओर तना हुआ, ‘मंडूक’ का मतलब मेंढक और ‘आसन’ का अर्थ मुद्रा होता है। इस आसन में शरीर की स्थिति कुछ हद तक मेंढक जैसी होती है, जिसमें शरीर को ऊपर की ओर खींचकर संतुलन बनाया जाता है। आयुष मंत्रालय के अनुसार, इस आसन का नियमित अभ्यास शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य दोनों के लिए लाभकारी है।


