नैनीताल। नैनीताल घूमने आई एक युवती को टैक्सी चालक ने अगवा कर दुष्कर्म का प्रयास किया। आरोपी की दरिंदगी और नशे की हालत को देखकर युवती ने अदम्य साहस का परिचय दिया और उसके चंगुल से छूटकर नंगे पैर ही घने जंगलों की ओर भाग निकली। खूंखार जानवरों के डर से कहीं बड़ा खौफ उस हैवान का था, जिससे बचने के लिए युवती ने पूरी रात एक कलवर्ट (पुलिया) के नीचे डरे-सहमे छिपे रहकर बिताई।
पीड़िता ने बताया कि वह प्रकृति प्रेमी है और अक्सर शांति की तलाश में एकांत स्थानों पर घूमना पसंद करती है। इसी चाहत में वह नैनीताल आई थी, लेकिन उसे अंदाजा नहीं था कि जिस चालक पर वह भरोसा कर रही है, उसके इरादे इतने खौफनाक होंगे। युवती ने गुरुवार को हल्द्वानी निवासी दीपक बोरा की टैक्सी किराये पर ली थी। नैनीताल पहुंचने से करीब 12 किलोमीटर पहले ही आरोपी दीपक ने कार को पटवाडांगर मार्ग की ओर मोड़ दिया। जब युवती ने इसका विरोध किया, तो चालक ने कार की रफ्तार बढ़ा दी और करीब दो किलोमीटर अंदर ले जाकर युवती के साथ जबरदस्ती करने की कोशिश की। आरोपी ने युवती का फोन भी छीन लिया ताकि वह किसी से मदद न मांग सके।


