मुंबई। फिल्म इंडस्ट्री में काम के घंटों को लेकर छिड़ी बहस अभी समाप्त नहीं हुई है। इस मामले में वरिष्ठ अभिनेता आशुतोष राणा ने अपनी राय रखते हुए दीपिका पादुकोण का समर्थन किया है और 8 घंटे की शिफ्ट को न सिर्फ सही बल्कि जरूरी बताया है। आशुतोष राणा ने एक बातचीत में कहा कि किसी भी क्रिएटिव काम को जरूरत से ज्यादा खींचना ठीक नहीं है। उनके मुताबिक अगर किसी कलाकार या तकनीशियन से बेहतरीन आउटपुट की उम्मीद की जाती है तो उसके लिए उसकी ऊर्जा मानसिक स्थिति और शारीरिक क्षमता का ध्यान रखना भी उतना ही जरूरी है। उन्होंने कहा कि यह समझना होगा कि क्रिएटिव प्रोसेस को 8 घंटे के भीतर सीमित करना अपने आप में एक चुनौती है, लेकिन अगर यह संभव हो पा रहा है और नतीजा अच्छा आ रहा है तो इससे बेहतर कुछ नहीं हो सकता। उन्होंने आगे कहा कि तय सीमा से बाहर जाकर लगातार काम करने का सीधा असर काम की गुणवत्ता पर पड़ता है।


