श्रीनगर में एक हाईटेक अंतरराष्ट्रीय साइबर फ्रॉड रैकेट का भंडाफोड़ हुआ है, इसमें सात आरोपी गिरफ्तार किए गए। यह रैकेट विदेशी और लोकल लोगों को निशाना बनाकर ऑनलाइन धोखाधड़ी करता था। जांच एजेंसियों को पहले से तकनीकी और भरोसेमंद इनपुट मिले थे, जिसके आधार पर सीआईके ने विशेष टीम बनाई। टीम ने डिजिटल इंटेलिजेंस इकट्ठा कर रंगरेथ इंडस्ट्रियल एरिया में मुख्य ऑपरेशनल हब का पता लगाया और शहर के विभिन्न हिस्सों में समन्वित छापेमारी की। छापेमारी के दौरान 13 मोबाइल, 9 लैपटॉप, वीओआईपी सिस्टम, सिम कार्ड, नेटवर्क डिवाइस और डिजिटल स्टोरेज मीडिया जब्त किए गए। जांच में पता चला कि आरोपी एक बड़े संगठित साइबर क्राइम सिंडिकेट का हिस्सा थे, जो जम्मू-कश्मीर और विदेशों में फैला था।


