नई दिल्ली। सर्दियों में इम्युनिटी कमजोर होने का खतरा बढ़ जाता है, जिससे सर्दी-खांसी और अन्य मौसमी बीमारियां आसानी से घेर लेती हैं। ऐसे में आहार में ऐसे खाद्य पदार्थ शामिल करना जरूरी है, जो न सिर्फ स्वादिष्ट हों बल्कि सेहत के लिहाज से भी फायदेमंद साबित हों। मशरूम ऐसा ही एक पौष्टिक खाद्य पदार्थ है, जिसे सर्दियों के लिए बेहद लाभकारी माना जाता है। मशरूम में प्रोटीन, फाइबर, विटामिन और एंटीऑक्सीडेंट भरपूर मात्रा में पाए जाते हैं। ये तत्व शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता को मजबूत बनाने में मदद करते हैं। ठंड के दिनों में नियमित रूप से मशरूम का सेवन करने से शरीर को जरूरी पोषण मिलता है और सर्दी-खांसी जैसी समस्याओं से बचाव में भी सहूलियत मिलती है।


