रितू खूंद ने पहाड़ी सिंगर पर लगाए गंभीर आरोप, वीडिया सामने आते ही मचा हड़कंप
शिमला। हिमाचल प्रदेश की मॉडल रितू खूंद ने पहाड़ी सिंगर विकेश खाची पर गंभीर आरोप लगाए हैं। रितू ने सोशल मीडिया पर वीडियो साझा कर कहा कि सिंगर ने उनके साथ काम करने के बहाने संपर्क किया और बाद में रूम शेयर करने व वाइन पीने की शर्त रखी। इस वीडियो के सामने आने के बाद मामला चर्चा में आ गया है।
मीडिया रिपोर्ट में रितू खूंद के मुताबिक 3 जनवरी की सुबह विकेश खाची ने इंस्टाग्राम के जरिए उनसे संपर्क कर म्यूजिक वीडियो शूट का ऑफर दिया। रितू ने बताया कि वह पहले भी कई प्रोजेक्ट्स पर काम कर चुकी हैं, इसलिए उन्होंने ऑफर को गंभीरता से लिया और अपना बजट व अन्य जानकारियां साझा कीं। रितू का आरोप है कि शूट की तैयारी के दौरान सिंगर ने उनसे पूछा कि क्या वह वाइन पीती हैं और फिर कहा कि लंबा सफर होने के कारण कंप्रोमाइज करना पड़ेगा, जिसमें रूम शेयर करना और वाइन पीना शामिल होगा। मैं टैलेंट के दम पर काम करती हूं।
वीडियो में रितू ने कहा कि इस तरह की बातों से वह मानसिक रूप से आहत हुईं।
उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि वह न तो शराब पीती हैं और न ही रूम शेयर करेंगी। रितू का कहना है कि वह एक प्रोफेशनल मॉडल हैं और अपने टैलेंट के दम पर काम व पैसा कमाती हैं, न कि किसी तरह के गलत समझौते से। इसी वजह से उन्होंने अपनी बात सार्वजनिक रूप से रखने का फैसला किया।
इस मामले पर विकेश खाची ने सभी आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया। विकेश का कहना है कि उन्होंने न तो कोई गलत प्रस्ताव दिया और न ही किसी तरह के आपत्तिजनक मैसेज किए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिस शूट की बात हो रही थी, वह चंडीगढ़ में होना था, न कि कहीं और। इस मामले में अभी तक रितू खूंद की ओर से पुलिस में कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। दोनों पक्षों के बयान सामने आने के बाद मामला सोशल मीडिया और स्थानीय कला जगत में चर्चा का विषय बना गया है।


