चांदी और पवन ऊर्जा में मामूली गिरावट
नई दिल्ली। वेदांता समूह की कंपनी हिंदुस्तान जिंक लिमिटेड (एचजेडएल) ने वित्त वर्ष 2025-26 की चौथी तिमाही में खनन और परिष्कृत धातु उत्पादन में वृद्धि दर्ज की है, जबकि चांदी और पवन ऊर्जा उत्पादन में थोड़ी गिरावट देखी गई। जनवरी से मार्च तक खनन धातु उत्पादन 3,15,000 टन यानी पिछले साल की इसी अवधि से 2 फीसदी अधिक रहा। परिष्कृत धातु उत्पादन 2,82,000 टन, जो 5 फीसदी की वृद्धि दर्शाता है। खनन धातु में कच्चे अयस्क से संकेंद्रित धातु तैयार की जाती है, जबकि परिष्कृत धातु 99 फीसदी से अधिक शुद्धता तक पहुंचती है। चौथी तिमाही में चांदी का उत्पादन 176 टन रहा, जो पिछले साल की तुलना में 0.2 फीसदी कम है। वहीं, पवन ऊर्जा उत्पादन 11 फीसदी घटकर 5.6 करोड़ यूनिट रह गया। एचजेडएल भारत में जस्ता बाजार में लगभग 75 फीसदी हिस्सेदारी रखती है और विश्व स्तर पर शीर्ष पांच चांदी उत्पादकों में शामिल है। कंपनी अपने उत्पादों को 40 से अधिक देशों में आपूर्ति करती है।


