हैदराबाद। भारतीय महिला राष्ट्रीय फील्ड हॉकी टीम रविवार से हैदराबाद, तेलंगाना में शुरू हो रहे एफआईएच हॉकी वर्ल्ड कप क्वालिफायर 2026 में मजबूत प्रदर्शन करते हुए महिला हॉकी वर्ल्ड कप 2026 में अपनी जगह पक्की करने के लक्ष्य के साथ मैदान में उतरेगी। इस महत्वपूर्ण टूर्नामेंट में मेजबान भारत के अलावा इंग्लैंड, स्कॉटलैंड, कोरिया, इटली, उरुग्वे, वेल्स और ऑस्ट्रिया की टीमें हिस्सा ले रही हैं। कुल आठ टीमों को चार-चार के दो ग्रुप में बांटा गया है, जहां ग्रुप ए में इंग्लैंड, कोरिया, इटली और ऑस्ट्रिया शामिल हैं, जबकि ग्रुप बी में भारत, स्कॉटलैंड, उरुग्वे और वेल्स की टीमें हैं। टूर्नामेंट के प्रारूप के अनुसार प्रत्येक ग्रुप से शीर्ष दो टीमें सेमीफाइनल में जगह बनाएंगी।


