बीजिंग। वैश्विक भू-राजनीति में बढ़ती उथल-पुथल के बीच चीन ने एक बड़ा दावा करते हुए कहा है कि उसने भारत और पाकिस्तान के बीच हाल ही में हुए सशस्त्र संघर्ष को सुलझाने में मध्यस्थ की भूमिका निभाई है। बीजिंग में आयोजित अंतरराष्ट्रीय हालातों और चीन के विदेश संबंधों पर आधारित एक संगोष्ठी में चीनी विदेश मंत्री वांग यी ने यह बयान दिया। उन्होंने कहा कि इस वर्ष चीन द्वारा सुलझाए गए प्रमुख संवेदनशील मुद्दों में भारत और पाकिस्तान के बीच का तनाव भी शामिल रहा। वांग यी के इस दावे ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई चर्चा छेड़ दी है, क्योंकि भारत सदैव तीसरे पक्ष के हस्तक्षेप का विरोध करता रहा है।


