बिहार में गुरुवार को बड़ा सियासी उलटफेर देखने को मिला। नीतीश कुमार बिहार के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देकर राज्यसभा जाने की तैयारी में हैं। उनका मुख्यमंत्री सफर मार्च 2000 में शुरू हुआ था और अब मार्च में ही समाप्त हो रहा है। यह फैसला बिहार और देश की राजनीति में बड़े बदलाव का संकेत है। JDU सूत्रों को अनुसार नीतीश कुमार राज्यसभा जाएंगे। बिहार में पहली बार भाजपा का सीएम बन सकता है। वहीं, नीतीश कुमार के बेटे निशांत कल जेडीयू की सदस्यता ग्रहण करेंगे। नीतीश कुमार के इस फैसले के बाद अब लोगों के बीच नए सीएम को लेकर काफी चर्चा हो रही है। सूत्रों ने दावा किया है कि नए सीएम की रेस में 5 नाम सबसे आगे चल रहे हैं। पहला नाम है सम्राट चौधरी का। दूसरा नाम है नित्यानंद राय का और तीसरा नाम है दिलीप जायसवाल का। चौथा नाम है विजय सिन्हा का और पांचवा नाम दीघा से भाजपा विधायक संजीव चौरसिया का है।
विगत दिनों से चल रही अटकलों पर उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए विराम दे दिया है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्टकर उन्होंने कहा कि पिछले दो दशक से भी अधिक समय से आपने अपना विश्वास एवं समर्थन मेरे साथ लगातार बनाए रखा है, तथा उसी के बल पर हमने बिहार की और आप सब लोगों की पूरी निष्ठा से सेवा की है। आपके विश्वास और समर्थन की ही ताकत थी कि बिहार आज विकास और सम्मान का नया आयाम प्रस्तुत कर रहा है। इसके लिए पूर्व में भी मैंने आपके प्रति कई बार आभार व्यक्त किया है। संसदीय जीवन शुरू करने के समय से ही मेरे मन में एक इच्छा थी कि मैं बिहार विधान मंडल के दोनों सदनों के साथ संसद के भी दोनों सदनों का सदस्य बनूं। इसी क्रम में इस बार हो रहे चुनाव में राज्यसभा का सदस्य बनना चाह रहा हूं। मैं आपको पूरी ईमानदारी से विश्वास दिलाना चाहता हूं कि आपके साथ मेरा यह संबंध भविष्य में भी बना रहेगा एवं आपके साथ मिलकर एक विकसित बिहार बनाने का संकल्प पूर्ववत कायम रहेगा। जो नई सरकार बनेगी उसको मेरा पूरा सहयोग एवं मार्गदर्शन रहेगा। क्या लगता है अब बिहार का नया सीएम कौन बनेगा ? हमें कमेंट करके जरूर बताइएगा…


