नई दिल्ली। केरल विधानसभा चुनाव के लिए आम आदमी पार्टी (आप) ने 21 कैंडिडेट्स की दूसरी सूची जारी की है। आप पार्टी ने तिरुवनंतपुरम से सामिन सत्यदास और एर्नाकुलम से मोसेस हेनरी मोथा को टिकट दिया है। इससे पहले गुरुवार को पार्टी ने 22 उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी की थी। कांग्रेस और बीजेपी भी केरल में पहले कैंडिडेंट्स की लिस्ट जारी कर चुके है। वहीं तृणमूल कांग्रेस पार्टी (टीएमसी) ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव की कुल 294 सीटों में से 291 सीटों पर अपने उम्मीदवारों का ऐलान किया। बाकी 3 सीटें सहयोगी बीजीपीएम को दी हैं। ममता ने 74 विधायकों (करीब एक तिहाई) के टिकट काट दिए हैं। 15 विधायकों की सीटें बदली गई हैं। ममता बनर्जी भबानीपुर से चुनाव लड़ेंगी। उनका मुकाबला भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी से होगा। 2021 में हुए पिछले विधानसभा चुनाव में सुवेंदु ने ममता को नंदीग्राम सीट पर हराया था। पश्चिम बंगाल के साउथ 24 परगना में मौजूदा विधायक शौकत मोल्ला को कैनिंग पूर्व विधानसभा क्षेत्र से टिकट न दिए जाने के बाद उनके समर्थकों ने प्रदर्शन किया। टीएमसी कार्यकर्ताओं ने सड़क पर टायर जलाए और नारेबाजी की।


