घायलों को अस्पतालों में भर्ती कराया, मृतकों की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे
मार्कपुर। आंध्र प्रदेश के मार्कपुरम जिले में गुरुवार सुबह भीषण सड़क हादसे में कम से कम 13 लोग जिंदा जल गए। यह हादसा हैदराबाद से पामुर जा रही निजी ट्रैवल बस की टिपर लॉरी से टकराने की वजह से हुआ। मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक टक्कर के कारण भीषण आग लग गई, जिसने कुछ ही मिनटों में बस को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे यात्री अंदर फंस गए। वाहन पूरी तरह से जलकर खाक हो गया। बचाव दल और स्थानीय अधिकारी मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। घायलों को अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जबकि मृतकों की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं।


