नई दिल्ली । तनाव भरी जीवनशैली में मानसिक शांति के लिए योग को प्रभावी उपाय माना जाता है। योगासनों में वृक्षासन एक ऐसा अभ्यास है, जो शरीर और मन दोनों को संतुलन प्रदान करने में मदद करता है। संस्कृत शब्द ‘वृक्ष’ का अर्थ पेड़ होता है और इस आसन का नाम भी उसी से लिया गया है। जिस तरह पेड़ अपनी जड़ों के सहारे मजबूती से खड़ा रहता है और तेज हवा या बारिश में भी स्थिर बना रहता है, उसी प्रकार यह आसन व्यक्ति को जीवन की चुनौतियों के बीच भी शांत और संतुलित रहने की प्रेरणा देता है। विशेषज्ञों के अनुसार वृक्षासन शरीर के संतुलन को बेहतर बनाने वाला एक प्रभावी योगासन है। इसे एक पैर पर खड़े होकर नमस्कार मुद्रा में किया जाता है, जिससे शरीर की स्थिरता और संतुलन क्षमता विकसित होती है। नियमित अभ्यास से पैरों की मांसपेशियां मजबूत होती हैं और शरीर का संतुलन धीरे-धीरे बेहतर होने लगता है।


