नई दिल्ली । शरीर को स्वस्थ एवं फिट रखने में योगासन एक आसान और प्रभावी समाधान साबित हो सकता है। नियमित योग करने तन-मन को सुकून तो मिलता ही है, साथ ही शरीर भी स्वस्थ रहता है। ऐसा ही एक बेहद सरल आसन है जानुशीर्षासन, जिसे अंग्रेजी में “हेड-टू-नी पोज” कहा जाता है। यह आसन न सिर्फ शरीर को लचीला बनाता है, बल्कि मानसिक तनाव को भी कम करने में मदद करता है। इस आसन को करने के लिए एक पैर को मोड़कर घुटने के पास रखा जाता है, जबकि दूसरा पैर सीधा फैलाया जाता है। इसके बाद शरीर को आगे की ओर झुकाते हुए सिर को घुटने की ओर लाने की कोशिश की जाती है। देखने में आसान लगने वाला यह आसन शरीर के कई हिस्सों पर गहरा प्रभाव डालता है।


