नई दिल्ली। कुछ लोग बार-बार भूख लगने की आदत के कारण दिनभर कुछ न कुछ खाते रहते हैं, जिससे वजन लगातार बढ़ता जाता है। मोटापे के कारण शरीर मधुमेह, रक्तचाप और कमजोरी जैसी समस्याओं का शिकार हो जाता है। ऐसे में सही खान-पान और संतुलित आहार अपनाना बेहद जरूरी हो जाता है। विशेषज्ञों के अनुसार वजन कम करने के लिए खाना छोड़ना सही उपाय नहीं है, बल्कि सही और पोषक भोजन का चयन करना अधिक प्रभावी होता है। प्रोटीन और फाइबर से भरपूर सलाद इस दिशा में एक बेहतर विकल्प साबित हो सकती है, जो भूख को नियंत्रित करने के साथ-साथ शरीर को आवश्यक पोषण भी प्रदान करती है। सुबह के नाश्ते में फलों की सलाद एक अच्छा विकल्प मानी जाती है। पपीता, तरबूज और खरबूज जैसे फलों को शामिल करके हल्की और पोषक सलाद तैयार की जा सकती है।


