मुंबई। हाल ही में रिलीज हुए लोकप्रिय वेब शो ‘द फैमिली मैन सीजन 3’ ने फैंस की उत्सुकता को और बढ़ाया है। दर्शकों के बीच इस सीजन का एक खास और नया आकर्षण रहा किरदार ‘मीरा’, जिसे बेहतरीन अदाकारा निमरत कौर ने निभाया है। निमरत कौर ने इस नए अनुभव को बेहद खास बताया। उन्होंने कहा, “मीरा का किरदार निभाना मेरे करियर के सबसे यादगार अनुभवों में से एक रहा। इसमें मुझे एक मजबूत, साहसी और आत्मविश्वासी महिला को पर्दे पर उतारने का मौका मिला। यह किरदार दर्शाता है कि कोई भी महिला परिस्थितियों से लड़कर अपनी पहचान बना सकती है, चाहे वह पुरुष-प्रधान कार्यक्षेत्र में हो या नेतृत्व के किसी बड़े पद पर।” निमरत ने बताया कि इस किरदार को निभाने की सबसे दिलचस्प बात यह रही कि इसे लिखने वाली टीम पूरी तरह पुरुष लेखकों की थी। उन्होंने कहा, “जब महिला सशक्तीकरण का इतना गहरा और सशक्त किरदार पुरुष लेखक लिखते हैं, तो निश्चित रूप से उसे निभाना एक अनोखा अनुभव बन जाता है। कई बार मीरा को स्क्रीन पर देखते हुए मुझे खुद भी लगा कि उसकी आत्मविश्वास भरी शख्सियत शायद मेरी असल जिंदगी से कहीं आगे है।”


