मुंबई। हाल ही में अभिनेता जयदीप अहलावत ने दिवंगत अभिनेता धर्मेंद्र के साथ काम करने के अपने अनुभव साझा किए और भावनात्मक अंदाज में उन्हें याद किया। धर्मेंद्र की आखिरी फिल्म ‘इक्कीस’ इस साल 25 दिसंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है। इस फिल्म में धर्मेंद्र के साथ अभिनेता जयदीप अहलावत भी महत्वपूर्ण भूमिका में नजर आएंगे। इस अवसर पर जयदीप ने कहा, “धर्मेंद्र के साथ पर्दे पर एक ही फ्रेम में खड़े होना इतिहास में दर्ज होने लायक है। यह मेरे जीवन का एक ऐतिहासिक क्षण है कि मुझे धर्मेंद्र जैसे दिग्गज कलाकार के साथ फिल्म करने का मौका मिला, भले ही मैं उनके दौर का नहीं हूं। यह मेरे लिए बहुत बड़ी बात है।” उन्होंने आगे कहा कि काश उन्हें धर्मेंद्र के साथ और भी फिल्मों में काम करने का मौका मिलता। उन्होंने कहा, “काश मैंने उनके साथ पांच या दस फिल्में और की होती, लेकिन अब वह इस दुनिया में नहीं हैं।”


