नई दिल्ली। देश में दक्षिण-पश्चिम मॉनसून तेजी से आगे बढ़ रहा है और कई क्षेत्रों में अच्छी बारिश दर्ज की जा रही है। मौसम विभाग के अनुसार, मॉनसून महाराष्ट्र, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और पूर्वोत्तर के अधिकांश राज्यों तक पहुंच चुका है। अगले कुछ दिनों में केरल, तमिलनाडु, सिक्किम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड और महाराष्ट्र समेत कई राज्यों में भारी से अत्यधिक भारी वर्षा होने की संभावना है। वहीं, उत्तर प्रदेश, बिहार और दिल्ली में भी बारिश, तेज हवाओं और ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की गई है। 11 से 12 जून के दौरान उत्तर भारत के कई इलाकों में मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है।


