दिल्ली में मॉनसून के आगमन से पहले सरकार ने तैयारियों को लेकर सख्त रुख अपनाया है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मॉनसून सीज़न और संभावित बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए विभिन्न विभागों की तैयारियों की समीक्षा की। बैठक के दौरान उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि मॉनसून के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि राजधानी में पानी जमा होने वाले सभी चिन्हित स्थानों पर एक-एक नोडल अधिकारी नियुक्त किया जाए। इन अधिकारियों की जिम्मेदारी होगी कि वे अपने-अपने क्षेत्र में जलभराव की स्थिति पर लगातार निगरानी रखें और समस्या उत्पन्न होते ही तत्काल समाधान सुनिश्चित करें।
बैठक में लोक निर्माण विभाग (PWD), दिल्ली जल बोर्ड, नगर निगम, सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग समेत कई एजेंसियों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने कहा कि विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना बेहद जरूरी है ताकि बारिश के दौरान लोगों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
रेखा गुप्ता ने अधिकारियों को नालों की समय पर सफाई, जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त रखने और संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि पिछले वर्षों में जिन इलाकों में जलभराव की समस्या सामने आई थी, वहां अतिरिक्त सतर्कता बरती जाए।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि सभी विभाग अपने संसाधनों और आपातकालीन टीमों को पूरी तरह तैयार रखें। किसी भी आपदा या बाढ़ जैसी स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जानी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों से नियमित निरीक्षण करने और जनता की शिकायतों का तुरंत निपटारा करने को कहा।
दिल्ली सरकार का दावा है कि इस बार मॉनसून से पहले व्यापक तैयारियां की जा रही हैं ताकि राजधानीवासियों को जलभराव, ट्रैफिक जाम और बाढ़ जैसी समस्याओं से राहत मिल सके।


