दिल्ली पुलिस ने मॉडलिंग असाइनमेंट और शादी का झांसा देकर 33.51 लाख रुपये की ठगी करने के आरोप में 30 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी सोशल मीडिया के जरिए महिलाओं से संपर्क करता था और खुद को सफल कारोबारी बताकर भरोसा जीतता था। वह शादी का वादा करने के साथ नामी कंपनियों में मॉडलिंग दिलाने का लालच देता और सिक्योरिटी फीस, होटल बुकिंग व अन्य खर्चों के नाम पर पैसे वसूलता था। जांच में फर्जी दस्तावेज, बैंक खातों और मोबाइल फोन का इस्तेमाल सामने आया। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।


