17 साल से फरार हत्या के प्रयास के दो आरोपियों को दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी वर्ष 2007 के एक मामले में वांछित थे और अदालत उन्हें पहले ही भगोड़ा घोषित कर चुकी थी। एक आरोपी उत्तर प्रदेश के रामपुर से पकड़ा गया, जबकि दूसरा दिल्ली के मयूर विहार में फर्जी पहचान के साथ रह रहा था। पुलिस के अनुसार, दोनों ने पारिवारिक विवाद के चलते एक व्यक्ति पर जानलेवा हमला किया था। गिरफ्तारी से बचने के लिए दोनों लगातार ठिकाने बदलते रहे और एक आरोपी ने अपनी पहचान भी बदल ली। पुलिस की लगातार निगरानी और गुप्त सूचना के आधार पर दोनों को गिरफ्तार कर तिहाड़ जेल भेज दिया गया।


