बॉलीवुड अभिनेता और मशहूर कॉमेडियन राजपाल यादव का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह वृंदावन में राधारानी के परम भक्त प्रेमानंद जी महाराज के चरणों में दर्शन करते दिखाई दे रहे हैं। जैसे ही वह आश्रम पहुंचे, भावुक होकर प्रेमानंद जी महाराज के चरणों में सिर झुका दिया। वीडियो में राजपाल कहते सुनाई देते हैं कि वह बहुत कुछ कहना चाहते थे, लेकिन वहां पहुंचते ही उनके शब्द खो गए। आगे वह मुस्कुराते हुए कहते हैं कि उनके भीतर एक पागलपन भरा भाव है, जिसमें उन्हें लगता है कि जैसे द्वापर युग वापस आ गया हो, कृष्ण यहां हों और वह स्वयं मनसुखा बन गए हों। अभिनेता बोले, “ये पागलपन मैं रखना चाहता हूं।” उनकी बात सुन प्रेमानंद जी हँसते हुए कहते हैं कि यह भाव बनाए रखना, क्योंकि पूरे भारत को हँसाने वाले आप हैं। इसके बाद राजपाल ने बताया कि वह खुद को मनसुखा कहते हैं और एक मंत्र भी सुनाया, जिसे महाराज ने सराहा और सतत नामजप की सलाह दी। वीडियो सामने आने के बाद लोग उनके आध्यात्मिक दृष्टिकोण और सरल स्वभाव की प्रशंसा कर रहे हैं।


