नई दिल्ली। श्रीलंका के स्टार जैवलिन थ्रोअर रुमेश थरंगा पथिरगे को हंगरी से लौटते समय परेशानी का सामना करना पड़ा। यात्रा के दौरान उनकी तीन महत्वपूर्ण जैवलिन क्षतिग्रस्त हो गईं। पथिरगे ने सोशल मीडिया पर खराब जैवलिन की तस्वीरें साझा कर घटना पर निराशा जताई और एयरलाइन की सेवा पर सवाल उठाए। इस मामले में शिकायत भी दर्ज कराई गई है। हालांकि, पथिरगे ने इसे बड़ी समस्या नहीं मानते हुए आगे बढ़ने की बात कही। हाल ही में उन्होंने 91.09 मीटर के शानदार थ्रो के साथ वर्ल्ड एथलेटिक्स अल्टीमेट चैंपियनशिप का खिताब जीता था। यह उनका इस सीजन का तीसरा 90 मीटर से ज्यादा का थ्रो था।


