वेलिंगटन। न्यूजीलैंड ने यहां वेस्टइंडीज के खिलाफ खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच में अपना शिकंजा कस दिया है। मेजबान टीम ने दूसरे दिन पहली पारी के आधार पर 73 रनों की बढ़त हासिल करने के बाद दिन का खेल समाप्त होने के समय में वेस्टइंडीज के दो विकेट ले लिये थे। दूसरे दिन का खेल समाप्त होने के समय तक वेस्टइंडीज की टीम ने अपनी दूसरी पारी में 2 विकेट पर केवल 32 रन ही बनाये। दिन का खेल समाप्त होने के समय ब्रैंडन किंग 25 गेंद पर 15 रन बनाकर और कावेम हॉज 3 रन बनाकर खेल रहे थे। वहीं सलामी बल्लेबाज जॉन कैंपबेल 14 पर आउट हुए जबकि एंडरसन फिलिप अपना खाता भी नहीं खोल पाये। वहीं इससे पहले आज
कीवी टीम ने अपनी पहली पारी 24 रनों से आगे खेलते हुए 9 विकेट पर 278 रन बनाकर घोषित कर दी। सलामी बल्लेबाज डेवन कॉन्वे ने सबसे अधिक 60 रन जबकि विकेटकीपर बल्लेबाज मिशेल हे ने 61 रन बनाए। इन दोनों के अलावा केन विलियमसन ने 37, डेरिल मिचेल ने 25 रन बनाए। वहीं जकारी फॉल्क्स 23 रन बनाकर आउट नहीं हुए। वेस्टइंडीज की ओर से एंडरसन फिलिप ने 3, केमार रोच ने 2, जबकि जायडन सिल्स, ओजे शिल्ड्स, जस्टिन ग्रिव्स और रोस्टन चेज ने 1-1 विकेट लिये। वहीं इससे पहले वेस्टइंडीज ने अपनी पहली पारी में 205 रन बनाये थे। इस प्रकार पहली पारी के आधार पर कीवी टीम को 73 रनों की बढ़त मिली थी।


