मुंबई। अभिनेत्री निधि शेट्टी का कहना है कि टीवी शो अनुपमा केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि महिलाओं के सम्मान, आत्मविश्वास और समान अधिकार का संदेश भी देता है। उन्होंने बताया कि शो की कहानी समाज में मौजूद पुराने नजरियों और महिलाओं के प्रति दोहरे मापदंड पर सवाल उठाती है। हालिया एपिसोड में उनके किरदार प्रेरणा ने अपनी पसंद और पहनावे को लेकर खुलकर आवाज उठाई। निधि के अनुसार, किसी महिला का सम्मान उसके कपड़ों या रिश्तों से नहीं, बल्कि उसके व्यक्तित्व और अधिकारों से होना चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि यह कहानी लोगों की सोच में सकारात्मक बदलाव लाती है, तो यही सबसे बड़ी उपलब्धि होगी।


