मुंबई। हाल ही में सोशल मीडिया पर फिटनेस आइकॉन अभिनेत्री अलाया एफ ने अपने फैंस के साथ एक बेहद दिलचस्प अनुभव साझा किया है। अभिनत्री अलाया ने खुलासा किया कि इंस्टाग्राम पर देखे गए एक खास और चुनौतीपूर्ण पोज को सही तरीके से करने के लिए उन्हें पूरे 150 बार कोशिश करनी पड़ी। जवानी जानेमन और फ्रेडी जैसी फिल्मों में अपनी पहचान बनाने वाली अलाया ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो क्लिप पोस्ट किया, जिसमें वह बार-बार उस पोज को करने की कोशिश करती दिख रही हैं। उन्होंने कैप्शन में अपनी चुनौतियों का भी जिक्र किया। उन्होंने लिखा कि इस एक्सरसाइज के दौरान उनकी कोहनियों के पास की त्वचा छिल गई और उनका बार-बार जी भी मिचलाने लगा। इन कठिनाइयों के बावजूद, उन्होंने हार नहीं मानी और अंततः उस पोज को सफलतापूर्वक कर दिखाया। उनकी यह लगन वाकई प्रेरणादायक है। हालांकि, अलाया ने अपनी इस पोस्ट के जरिए एक बहुत महत्वपूर्ण संदेश भी दिया। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि वह किसी को भी अपनी शारीरिक सीमा से ज्यादा पुश करने की सलाह नहीं दे रही हैं।


