नई दिल्ली। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने कथित जीएसटी अनियमितताओं और मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े मामले में पंजाब, दिल्ली और उत्तर प्रदेश के कई स्थानों पर एक साथ छापेमारी की। जांच के दायरे में एक रियल एस्टेट कंपनी और उससे जुड़े व्यक्तियों व संस्थाओं के ठिकाने शामिल हैं। अधिकारियों के अनुसार, जालंधर, लुधियाना, बरेली और नोएडा समेत छह स्थानों पर तलाशी अभियान चलाया गया। कार्रवाई के दौरान विभिन्न दस्तावेज, डिजिटल डिवाइस और वित्तीय रिकॉर्ड की जांच की गई। ईडी संबंधित वित्तीय लेन-देन और धन के प्रवाह की पड़ताल कर रही है। मामले में जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर आगे की जांच जारी है।


