नई दिल्ली। नीट री-एग्जाम को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के लिए केंद्र सरकार ने टेलीग्राम के उपयोग पर अस्थायी प्रतिबंध लगाने का फैसला किया है। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) के अनुसार, यह रोक 22 जून 2026 तक लागू रहेगी। इसके अलावा, टेलीग्राम के मैसेज एडिट करने वाले फीचर को 30 जून तक बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं।
एनटीए का कहना है कि कुछ मामलों में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल परीक्षा से जुड़ी भ्रामक जानकारी और फर्जी सबूत फैलाने के लिए किया गया था। ऐसी गतिविधियों पर रोक लगाने और परीक्षा प्रक्रिया की विश्वसनीयता बनाए रखने के उद्देश्य से यह कदम उठाया गया है। 21 जून को होने वाली नीट री-एग्जाम के दौरान सुरक्षा और पारदर्शिता सुनिश्चित करने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।


