मुंबई। हाल ही में राघव चड्ढा राजनीतिक गलियारों में उस वक्त सुर्खियों में आ गए, जब वे आम आदमी पार्टी छोड़कर भाजपा में शामिल हुए। उनके साथ ही स्वाति मालीवाल, हरभजन सिंह, संदीप पाठक, अशोक मित्तल, राजिंदर गुप्ता और विक्रम साहनी जैसे कई अन्य प्रमुख चेहरे भी भाजपा में शामिल हुए हैं। इस राजनीतिक उथल-पुथल के बीच, परिणीति चोपड़ा का एक पुराना वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह खुले तौर पर यह कहती हुई दिख रही हैं कि वह कभी किसी राजनेता से शादी नहीं करेंगी। यह वायरल वीडियो एक फिल्म के प्रमोशन के दौरान का है, जब परिणीति चोपड़ा से उनके आदर्श जीवनसाथी और शादी की पसंद के बारे में पूछा गया था। उस समय, अभिनेत्री ने एक हॉलीवुड एक्टर का नाम लिया था, जिसे वह अपने पार्टनर के रूप में देखती थीं। जब उनसे विशेष रूप से यह सवाल किया गया कि क्या वह किसी राजनेता से शादी करेंगी, तो परिणीति ने स्पष्ट शब्दों में कहा था, समस्या ये है कि मैं किसी भी पॉलिटिशयन से शादी नहीं करना चाहती। बहुत सारे अच्छे ऑप्शन हैं, लेकिन मैं कभी किसी पॉलिटिशियन से शादी नहीं करना चाहती।


