अंतरिक्ष तकनीक में बड़ी उपलब्धि
सैटेलाइट से सस्ती तकनीक का कमाल
स्काईरूट के पूर्व अधिकारियों के स्टार्टअप ने रचा इतिहास
हैदराबाद। पूर्व स्काईरूट एयरोस्पेस अधिकारियों द्वारा स्थापित स्टार्टअप रेड बैलून एयरोस्पेस ने बुधवार को विजयवाड़ा से भारत का पहला स्वदेशी सुपर प्रेशर बैलून सफलतापूर्वक लॉन्च किया। यह उपलब्धि भारत को इस अत्याधुनिक तकनीक वाले चुनिंदा देशों की श्रेणी में शामिल कर सकती है। विजयवाड़ा स्थित इस स्टार्टअप ने हाल ही में सुपर प्रेशर बैलून के टेथर्ड ट्रायल किए थे। अब कंपनी का लक्ष्य अपने पहले मिशन के जरिए बैलून को 24 घंटे तक स्ट्रैटोस्फीयर में उड़ाकर नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाना है। यह बैलून धरती से 20 से 40 किलोमीटर की ऊंचाई पर उड़ान भर सकता है, जो सामान्य विमानों की पहुंच से ऊपर और उपग्रहों की कक्षा से नीचे का क्षेत्र माना जाता है। यह सुपर प्रेशर बैलून पॉलिमर नैनोकॉम्पोजिट सामग्री से बनाया गया है और इसमें हल्की-से-हवा तकनीक के तहत हाइड्रोजन गैस भरी गई है।


