मुंबई। अभिनेत्री रश्मिका मंदाना की आगामी फिल्म माइसा की शूटिंग पूरी हो चुकी है। हाल ही में अभिनेत्री ने सोशल मीडिया पर शूटिंग के दौरान के अपने अनुभव प्रशंसकों के साथ साझा किए हैं। अभिनेत्री ने खास तौर पर कोच्चि शेड्यूल के दौरान की अपनी दिनचर्या और फिल्म के लिए की गई मेहनत के बारे में बताया।
रश्मिका ने इंस्टाग्राम पर अपनी कुछ तस्वीरें साझा कीं, जिनमें वह बालकनी में खड़ी नजर आ रही हैं। पोस्ट के साथ अभिनेत्री ने लिखा कि कोच्चि में उनका समय जंगलों, बारिश, ट्रैकिंग, झरनों और लगातार भागदौड़ के बीच बीता। उन्होंने बताया कि शूटिंग के दौरान उन्हें प्रकृति के बेहद करीब रहने का मौका मिला और यह अनुभव उनके लिए काफी अलग रहा। अभिनेत्री ने खुलासा किया कि इस फिल्म के लिए उन्होंने काफी मेहनत की और कई चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों का सामना किया। रश्मिका ने बताया कि उन्होंने फिल्म में सिर्फ अभिनय ही नहीं किया, बल्कि अपने स्टंट्स भी खुद किए।


