मुंबई। हाल ही में बॉलीवुड अभिनेत्री अर्चना पूरन सिंह ने बताया कि उन्हें इन दिनों फिल्मों के ऑफर मिलना लगभग बंद हो गए हैं। इस वजह से वह काफी निराश हैं। अभिनेत्री ने खुलासा किया कि जब ‘द कपिल शर्मा शो’ टीवी पर आता था, तब वे हर साल लगभग 100 एपिसोड शूट करते थे, जिसकी वजह से उनका शेड्यूल बहुत व्यस्त रहता था। एक पुरानी घटना का जिक्र करते हुए अर्चना ने बताया, मेरे पास एक फिल्म का कॉल आया था। उन्होंने बताया कि फिल्म की शूटिंग स्कॉटलैंड में होगी और 25 दिन चलेगी। मेरे लिए कपिल के शो की शूटिंग छोड़कर इतने लंबे समय के लिए कहीं जाना मुमकिन नहीं था, इसलिए मुझे उस ऑफर को मना करना पड़ा। उन्होंने कहा कि ऐसे करते-करते मैंने कई फिल्मों के ऑफर ठुकरा दिए। बार-बार मना करने के कारण लोगों ने मुझे एक्टिंग के काम के लिए अप्रोच करना ही बंद कर दिया। यह उनके लिए एक कलाकार के रूप में बेहद निराशाजनक अनुभव रहा है।


