नई दिल्ली। हॉकी इंडिया ने इस वर्ष होने वाले पुरुष हॉकी विश्व कप और एशियाई खेलों के लिए अलग-अलग टीमों को मैदान में उतारने की योजना बनाई है। यह फैसला दोनों बड़े टूर्नामेंटों के बीच कम समय के अंतर को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। विश्व कप 15 से 30 अगस्त तक बेल्जियम और नीदरलैंड्स में आयोजित होगा, जबकि एशियाई खेल 19 सितंबर से 4 अक्टूबर तक जापान में खेले जाएंगे। लगातार प्रतियोगिताओं के कारण खिलाड़ियों पर शारीरिक और मानसिक दबाव बढ़ सकता है। इसी चुनौती से निपटने और प्रमुख खिलाड़ियों के कार्यभार को संतुलित रखने के लिए हॉकी इंडिया ने अलग-अलग टीमों के चयन की रणनीति अपनाई है।


