haiti violence

हैती में गैंगवार 78 लोगों की मौत, 66 घायल

विश्व

हजारों लोग घर छोड़कर चले गए
पोर्ट-ओ-प्रिंस। हैती की राजधानी पोर्ट-ओ-प्रिंस एक बार फिर भीषण हिंसा और गैंगवार की चपेट में है। शहर के बाहरी इलाकों, विशेष रूप से सिटी सोलेय और क्रोआ-दे-बुके में पिछले कुछ दिनों से जारी खूनी संघर्ष ने भयावह रूप ले लिया है। इस तांडव में अब तक कम से कम 78 लोगों की जान जा चुकी है, जबकि 66 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हैं।
संयुक्त राष्ट्र की रिपोर्ट के अनुसार, मृतकों में 10 आम नागरिक भी शामिल हैं, जिनमें महिलाएं और एक छोटी बच्ची भी है। इन इलाकों में पिछले दो वर्षों से आपराधिक गिरोहों का वर्चस्व बढ़ता जा रहा है, जिससे सामान्य जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है। हालात इतने बेकाबू हो चुके हैं कि लोग अपनी जान बचाने के लिए सामूहिक पलायन कर रहे हैं। ताजा आंकड़ों के मुताबिक, हिंसा के डर से अब तक करीब 5300 लोग अपना घर-बार छोड़कर विस्थापित हो चुके हैं। राजधानी के कई हिस्सों में सन्नाटा पसरा है और विस्थापित लोग सुरक्षित ठिकानों की तलाश में दर-दर भटक रहे हैं। अंतरराष्ट्रीय संगठनों ने हैती में गहराते इस मानवीय संकट और बढ़ती असुरक्षा पर गहरी चिंता व्यक्त की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *