नई दिल्ली। भाजपा के नवागत राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने आज पदभार संभालने से पहले दिल्ली के करोल बाग स्थित झंडेवालान देवी मंदिर में पूजा-अर्चना की। उन्होंने दिल्ली में स्थित गुरुद्वारा श्री बंगला साहिब में भी मत्था टेका। उन्हे सोमवार को औपचारिक रूप से भाजपा का अध्यक्ष घोषित किया गया था। आज मंगलवार को वे पदभार ग्रहण करेंगे। वह पार्टी के 12वें राष्ट्रीय अध्यक्ष बनेंगे। पार्टी के इस सबसे बड़े पद पर पहुंचने वाले नितिन नबीन अब तक के सबसे कम उम्र के नेता हैं। पदग्रहण के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत कई वरिष्ठ पार्टी नेता मौजूद रहेंगे। इस कार्यक्रम में भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों राष्ट्रीय पदाधिकारियों राज्य इकाई के अध्यक्षों और पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी समिति के सदस्यों के शामिल होने की उम्मीद है।


