अयोध्या के राम मंदिर से जुड़ा एक नया विवाद सामने आया है। सिंधी समाज ने दावा किया है कि मंदिर निर्माण के लिए वर्ष 2021 में दान की गई 200 किलोग्राम चांदी की ईंटों की अब तक कोई आधिकारिक रसीद या जानकारी उन्हें नहीं दी गई है। विश्व सिंधी सेवा संगम के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. राजू मनवानी के अनुसार, ये ईंटें 26 जनवरी 2021 को श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र के प्रतिनिधियों को सौंपी गई थीं। उन्होंने बताया कि चांदी की जांच के बाद रसीद देने का आश्वासन मिला था, लेकिन पांच वर्ष बीत जाने के बाद भी यह प्रक्रिया पूरी नहीं हुई। इस मामले को लेकर सिंधी समाज ने अपनी चिंता और नाराजगी व्यक्त की है।


