दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर हुई दुर्घटना कार तेज रफ्तार में भारी वाहन से टकरा गई
नई दिल्ली। उज्जैन से बाबा महाकाल के दर्शन कर नोएडा लौट रहे पांच दोस्तों की कार दिल्ली–मुंबई एक्सप्रेसवे पर हादसे का शिकार हो गई। हादसा चेनेज नंबर 194 (पापड़दा और नांगल राजावतान थाना क्षेत्र) के पास हुआ। कार (हरियाणा नंबर) तेज रफ्तार में थी और पीछे से किसी अज्ञात भारी वाहन से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार में सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। एकमात्र जीवित युवक ने बताया कि ट्रक चालक ने गाड़ी नहीं रोकी और कार को कई किलोमीटर तक घसीटता रहा। इस दौरान कार के परखच्चे उड़ गए और चारों की जान चली गई। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर फंसे लोगों को बाहर निकाला। घायल युवक को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। मृतकों की आधिकारिक पहचान अभी नहीं हो पाई है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवाया गया है और परिजनों को सूचित किया जा रहा है।


