नई दिल्ली। हमारे शरीर का बेहद महत्वपूर्ण अंग किडनी जब सही तरीके से काम नहीं करती, तो इसका असर पूरे शरीर पर दिखाई देने लगता है। शरीर में सूजन, कमजोरी, थकान और पेशाब से जुड़ी परेशानियां धीरे-धीरे बढ़ने लगती हैं। किडनी हमारे शरीर के खून को साफ करने, शरीर से विषैले तत्व बाहर निकालने और पानी का संतुलन बनाए रखने का काम करती है। ऐसे में आयुष मंत्रालय नियमित योग को लाभकारी मानता है। योगासन में धनुरासन को शरीर के कई अंगों के लिए फायदेमंद बताया गया है। आयुष मंत्रालय के अनुसार धनुरासन शरीर को लचीला बनाने के साथ-साथ पेट, रीढ़, फेफड़ों और किडनी को भी लाभ पहुंचाता है।


