वाशिंगटन। ईरान और अमेरिका के बीच सीधे युद्ध की भले ही अभी शुरुआत न हुई हो, लेकिन दोनों देशों के बीच कूटनीतिक और सैन्य तनाव अपने चरम पर बना हुआ है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा ईरान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई की समयसीमा तय करने और फिर उसे टालने के घटनाक्रम के बीच अब ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने एक सनसनीखेज दावा किया है। उन्होंने अमेरिकी कांग्रेस की एक हालिया रिपोर्ट का हवाला देते हुए सोशल मीडिया पर कहा कि ईरान की सशस्त्र सेनाओं ने पहली बार अमेरिका के सबसे आधुनिक और चर्चित एफ-35 लड़ाकू विमान को मार गिराया है। उन्होंने चेतावनी दी कि पिछले सैन्य संघर्षों से मिले कड़े अनुभवों के बाद यदि दोबारा जंग छिड़ती है, तो दुनिया को ईरान की तरफ से और भी ज्यादा चौंकाने वाले सरप्राइज देखने को मिलेंगे।


